November 5, 2026 6:34 am

करणी सेना के नेता ने सपा सांसद की हत्या पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया, केस दर्ज

दिल्ली: यूपी पुलिस ने गुरुवार (10 अप्रैल) को बताया कि समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद रामजी लाल सुमन की हत्या करने वाले को कथित तौर पर 25 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा करने के आरोप में करणी सेना के एक नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

करणी सेना के आरोपी नेता की पहचान मोहन चौहान के रूप में हुई है, जिन्होंने 16वीं सदी के राजपूत राजा- राणा सांगा पर सपा नेता की ‘विवादास्पद टिप्पणी’ के बाद यह घोषणा की.

मार्च के आखिरी सप्ताह से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कथित तौर पर चौहान कहते हुए नज़र आ रहे हैं कि सांसद को अपने किए की कीमत चुकानी होगी और ‘जो भी उन्हें मारेगा, उसे 25 लाख रुपये देने का काम संगठन (करणी सेना) करेगा.’

वीडियो में उन्होंने आगे कहा कि अगर मौका मिला तो वह खुद सपा एमपी को गोली मारेंगे.

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अलीगढ़ से सपा की महिला सभा की प्रमुख आरती सिंह ने इस संबंध में 29 मार्च को अलीगढ़ के गांधी पार्क थाने में शिकायत दर्ज कराई थी.

हालांकि, बुधवार (9 अप्रैल) को शिकायत को जवां थाने में ट्रांसफर कर दिया गया, क्योंकि चौहान इसी थानाक्षेत्र में रहते हैं. पुलिस ने कहा कि अब एक औपचारिक मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है.

ज्ञात हो कि सपा के सांसद रामजी लाल सुमन ने राज्यसभा में अपने संबोधन के दौरान राणा सांगा के ऊपर टिप्पणी की थी, जिसके बाद से यह मामला सुर्खियों में है.

सांसद ने कहा था, ‘भाजपा के लोग मुसलमानों के लिए कहते हैं कि इनमे बाबर का डीएनए है. ये लोग बाबर की आलोचना करते हैं, राणा सांगा की आलोचना नहीं करते हैं, जबकि राणा सांगा ने ही बाबर को हिंदुस्तान लाया था, इब्राहिम लोदी को हराने के लिए.’

उन्होंने आगे कहा था कि ‘मुसलमान बाबर को अपना आदर्श नहीं मानते हैं लेकिन ये ‘गद्दार’ राणा सांगा को अपना आदर्श मानते हैं.’

उनके इस बयान के बाद आगरा स्थित उनके आवास पर उग्र भीड़ ने हमला कर दिया और घर तथा वाहनों के साथ तोड़फोड़ की थी.

BBC LIVE
Author: BBC LIVE

विज्ञापन
error: Content is protected !!