September 25, 2026 12:55 am

लुतरा शरीफ में 68वां सालाना उर्स 28 सितंबर से, देशभर के जायरीन होंगे शामिल

बिलासपुर/सीपत। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध इंतजामिया कमेटी दरगाह, लुतरा शरीफ में सूफी संत सैयद ईशान अली शाह रहमतुल्लाह अलैह का 68वां सालाना उर्स 28 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक श्रद्धा और अकीदत के साथ मनाया जाएगा। उर्स को लेकर दरगाह परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

उर्स के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले जायरीनों के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत 28 सितंबर सोमवार को होगी। इस दिन सुबह 11 बजे प्रथम कुशाई, दोपहर 3 बजे संदल चादर (दादी अम्मा) और रात 10 बजे ऑल इंडिया नातिया मुशायरा आयोजित किया जाएगा।

29 सितंबर मंगलवार को दोपहर 12:40 बजे शाही संदल निकाला जाएगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे संदल चादर और रात 9 बजे अजीमुश्शान जलसा (तक़रीर) का आयोजन होगा। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले उलेमा, शायर और धार्मिक विद्वान शामिल होंगे।

30 सितंबर बुधवार को दोपहर 3 बजे संदल चादर (अम्मी जान साहिबा) तथा रात 10 बजे महाराष्ट्र के मुंब्रा से आने वाले मुजतबा अजीम नाजा की महफिले सिमाअ का आयोजन होगा।

वहीं 1 अक्टूबर गुरुवार को रात 10 बजे बिजनौर (उत्तर प्रदेश) से आने वाले महफिले कव्वाली के कार्यक्रम में सूफियाना कलाम पेश किए जाएंगे। उर्स के अंतिम दिन 2 अक्टूबर शुक्रवार को नमाज-ए-फज्र के बाद कुल की फातिहा होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे रंगी महफिल का आयोजन किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार उर्स के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और जायरीनों के लुतरा शरीफ पहुंचने की संभावना है। इंतजामिया कमेटी द्वारा आयोजन को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

स्थान: इंतजामिया कमेटी दरगाह, लुतरा शरीफ, तहसील सीपत, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़)।

BBC LIVE
Author: BBC LIVE

विज्ञापन
error: Content is protected !!