October 21, 2026 10:03 am

प्राग में गुकेश का बड़ा दांव, 2026 की पहली खिताबी सफलता की तैयारी

नई दिल्ली
विश्व चैंपियन डी गुकेश विश्व कप से जल्दी बाहर होने और टाटा स्टील मास्टर्स में निराशाजनक प्रदर्शन को भुलाकर बुधवार से यहां शुरू होने वाले प्राग अंतरराष्ट्रीय शतरंज महोत्सव में साल का अपना पहला खिताब जीतने की कोशिश करेंगे।

दूसरी वरीयता प्राप्त गुकेश को शीर्ष वरीयता प्राप्त जर्मन खिलाड़ी विंसेंट कीमर और उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा, जिनका हाल का प्रदर्शन अच्छा रहा है।

कीमर लाइव रेटिंग में चौथे स्थान जबकि अब्दुसत्तोरोव पांचवें स्थान पर हैं। गुकेश 10वें स्थान पर हैं और इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों में रेटिंग के मामले में सबसे आगे हैं। पिछले कुछ समय तक लाइव रेटिंग में शीर्ष 10 में तीन भारतीय खिलाड़ी हुआ करते थे, लेकिन अर्जुन एरिगैसी और आर प्रज्ञाननंदा खराब प्रदर्शन के कारण नीचे खिसक गए हैं।

गुकेश के साथ इस प्रतियोगिता में एक अन्य भारतीय खिलाड़ी मौजूदा चैंपियन अरविंद चिदंबरम भी अपनी चुनौती पेश करेंगे। यही वह प्रतियोगिता है जिसने चेन्नई के इस खिलाड़ी को पहली बड़ी सफलता दिलाई थी।

अमेरिका के हैंस नीमन एक और ऐसे खिलाड़ी हैं जिन पर सभी की नजर रहेगी। ईरान के परहम मगसूदलू भी प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश करेंगे जबकि नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर जॉर्डन वैन फोरस्ट ने अपने प्रदर्शन में निरंतरता दिखाई है जिससे वह भी दावेदारों में शामिल हो गए हैं।

सातवीं वरीयता प्राप्त चिदंबरम टाटा टूर्नामेंट में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद 2700 रेटिंग क्लब में वापसी करने की उम्मीद कर रहे होंगे। चिदंबरम के लिए यहां पिछली बार के प्रदर्शन को दोहराना एक कठिन चुनौती होगी।

उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक याकुब्बोएव, स्पेन के डेविड एंटोन गुज्जारो और स्थानीय स्टार डेविड नवरा नौ दौर की मास्टर्स प्रतियोगिता के लिए 10 खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं। चैलेंजर्स वर्ग में सूर्य शेखर गांगुली और महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख भारतीय चुनौती पेश करेंगे।

 

Editor
Author: Editor

विज्ञापन
error: Content is protected !!