October 26, 2026 11:29 pm

कोरबा में बड़ा हादसा, कोयला खदान की दीवार ढहने से दो युवकों की मौत, एक घायल

 छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार को एक कोयला खदान की दीवार ढहने से दो युवकों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. शवों तथा घायल को अस्पताल में पहुंचा दिया गया है.

अधिकारियों ने बताया कि घटना सुबह के समय जिले की ‘साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड’ (एसईसीएल) की गेवरा-दीपका खदान में उस वक्त हुई जब मुंडापार बाजार निवासी विशाल यादव (18), धन सिंह कंवर (24) और साहिल धनवार (19) बिना अनुमति क्षेत्र में दाखिल हुए.

उन्होंने बताया कि कथित तौर पर कोयला चोरी करने की कोशिश में खदान की दीवार ढहने से तीनों मलबे में दब गए. अधिकारियों ने बताया कि यादव और कंवर की मौके पर ही मौत हो गई तथा धनवार गंभीर रूप से घायल हो गया.

घायल को पहुंचाया गया अस्पताल

उन्होंने बताया कि मौके पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचित किया. अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और शवों तथा घायल को अस्पताल में पहुंचाया. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

BBC LIVE
Author: BBC LIVE

विज्ञापन
error: Content is protected !!