October 21, 2026 3:39 am

बर्फीली वादियों में खेलों का महाकुंभ, गुलमर्ग में शुरू होंगे छठे खेलो इंडिया विंटर गेम्स

श्रीनगर
जम्मू कश्मीर का प्रसिद्ध शीतकालीन पर्यटन स्थल गुलमर्ग सोमवार से शुरू होने वाले छठे खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों (केआईडब्ल्यूजी) की मेजबानी के लिए पूरी तरह से तैयार है, जिसमें 400 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के एक प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट में होने वाले इन चार दिवसीय खेलों के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा इन खेलों का उद्घाटन करेंगे। जम्मू कश्मीर खेल परिषद की सचिव नुज़हत गुल ने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

गुल ने कहा, ‘‘इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 400 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। गुलमर्ग में अच्छी बर्फबारी हुई है और उम्मीद है कि मौसम हमारा साथ देगा।’’ केआईडब्ल्यूजी का पहला चरण इस वर्ष 20 से 26 जनवरी तक लद्दाख के लेह में आयोजित किया गया था। अब इन खेलों का दूसरा चरण 23 से 26 फरवरी तक गुलमर्ग में आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले भी केआईडब्ल्यूजी का आयोजन जम्मू कश्मीर और लद्दाख में किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग में चार पदक स्पर्धाएं होंगी, जिनमें स्की पर्वतारोहण, अल्पाइन स्कीइंग, नॉर्डिक स्कीइंग (क्रॉस-कंट्री) और स्नोबोर्डिंग शामिल हैं। इनमें से अल्पाइन स्कीइंग में सबसे अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। केआईडब्ल्यूजी के लद्दाख चरण में हरियाणा ने चार स्वर्ण पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था। उसके बाद लद्दाख, महाराष्ट्र और तेलंगाना का स्थान रहा।

शीतकालीन खेलों के सुचारू संचालन के लिए कश्मीर के पुलिस प्रमुख वीके बर्डी की अध्यक्षता में बुधवार को तैयारियों की समीक्षा के लिए सुरक्षा बैठक हुई थी जिसमें पुलिस, सेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, खुफिया एजेंसियों और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया था।

 

Editor
Author: Editor

विज्ञापन
error: Content is protected !!