October 24, 2026 7:34 am

NEET मुद्दे पर NSUI करेगी प्रदर्शन, स्वास्थ्य मंत्री ने बताया युवाओं को गुमराह करने की कोशिश

रायपुर.

छत्तीसगढ़ में नीट यूजी काउंसलिंग 2026 में डोमिसाइल और अन्य डॉक्यूमेंट्स को लेकर सवाल उठ रहे हैं. राजधानी में कांग्रेस स्टूडेंट विंग एनएसयूआई मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन प्रक्रिया को लेकर मंगलवार को प्रदर्शन करने वाली है.

घड़ी चौक से एनएसयूआई कार्यकर्ता नीट छात्रों के साथ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के सरकारी आवास का घेराव करने के लिए निकलेंगे और पारदर्शी प्रक्रिया की मांग करेंगे. इस प्रदर्शन पर स्वास्थ्य मंत्री का कहना है कि दिल्ली में बैठे कुछ आका साजिश कर जेन-जी युवाओं को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं. उनके दिमाग में दिमागी नक्सलवाद भरा हुआ है. 

किसी भी तरह का लूपहोल नहीं छोड़ा जाएगा : स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि सरकार मेडिकल एडमिशन को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. पहली बार राजस्व विभाग की टीम भी एडमिशन प्रक्रिया में शामिल रहेगी. इससे प्रमाण पत्रों का गहन सत्यापन किया जाएगा जो भी गड़बड़ी करेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. किसी भी तरह का लूपहोल नहीं छोड़ा जाएगा. उन्होंने कहा कि अभी एडमिशन प्रक्रिया शुरू भी नहीं हुई है और घेराव की तैयारी की जा रही है. आखिर ये लोग युवाओं को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं? कुछ भ्रमित लोग एडमिशन प्रक्रिया को विवादों में लाकर उसे जानबूझकर देर कराने का प्रयास कर रहे हैं.

मूल निवासी प्रमाण-पत्र की होगी जांच
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मेडिकल प्रवेश में डाक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन के दौरान मूल निवासी प्रमाण-पत्र और कैटेगरी/संवर्ग प्रमाण-पत्र की भी जांच की जाएगी, जिससे सीट का लाभ सिर्फ पात्र अभ्यर्थी को मिले.

पांच नए मेडिकल कॉलेज होंगे शुरू
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इतिहास में पहली बार प्रदेश में एक साथ पांच मेडिकल कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं. इसके अलावा इस वर्ष 7 फिजियोथेरेपी कॉलेज, 14 नर्सिंग कॉलेज और 10 मेडिकल कॉलेजों में पैरामेडिकल कोर्स भी शुरू किए जा रहे हैं.

Editor
Author: Editor

विज्ञापन
error: Content is protected !!